पारदर्शी निर्वाचन कराने के लिए वोटर लिस्ट का सही होना आवश्यक- जिलाधिकारी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की निर्वाचन नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बीएलओ का चुनाव मतदान केन्द्र के अनुसार पहले से सुनिश्चित कर लें। उन्होने कहा कि मतदाता सूची को बीएलओ समय से अपडेट करें। उन्होने कहा कि यदि वोटर लिस्ट को सही कर लें तो चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न होगा। उन्होने कहा कि वोटर लिस्ट में गलत तरीके से किसी भी व्यक्ति का नाम शामिल न करें। उन्होने आरओ, एआरओ, एईआरओ को निर्देश दिया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन को पूरी गम्भीरता से सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि निर्वाचन में आरक्षण को निष्पक्ष, पारदर्शी पूर्ण तरीके से लागू करें। उन्होने कहा कि पूर्व के चुनावों को सकुशल सम्पन्न कराने वाले अच्छे बीएलओ का चयन त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए करें। उन्होने कहा कि बीएलओ की छवि अच्छी होनी चाहिए एवं किसी पार्टी, व्यक्ति विशेष से संबंधित, करीबी नही होना चाहिए। उन्होने कहा कि 800/900 वोटर रेसियो के अनुसार बूथों का चयन करें। उन्होने कहा कि जो नया बूथ बनेगा, उस पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित हो तथा जहां तक सम्भव हो बूथ सरकारी भवनों में हो। उन्होने कहा कि बीएलओ द्वारा किसी भी प्रलोभन में गलत तरीके से वोटर लिस्ट में यदि किसी व्यक्ति का नाम जोड़ा जाता है तो उसकी जांच करायें एवं सही पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलम्बन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होने कहा कि बीएलओ की ट्रेनिंग कराने से पहले सभी प्रपत्र तैयार कर लें। उन्होने कहा कि वर्तमान में जितने बूथ चिन्हित हैं, उसका 160 प्रतिशत अतिरिक्त बूथों को चिन्हित कर लें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अपने क्षेत्राधिकार के अन्तर्गत त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा तथा सार्वजनिक जानकारी हेतु समस्त सम्बन्धित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी यह कार्यक्रम प्रदर्शित किया जायेगा। निर्वाचक नामावलियों के वृहद् पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेगें तथा निर्धारित समय सारणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण कराया जायेगा। किसी भी परिस्थिति में समय सीमा नहीं बढायी जायेगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0), समस्त आरओ, एआरओ, एईआरओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *