जिलाधिकारी ने आजमगढ़ महोत्सव का लोगो एवं थीम सांग किया लांच

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज द्वारा 18 से 24 सितंबर 2023 तक आईटीआई मैदान में आयोजित होने वाले आजमगढ़ महोत्सव का लोगो एवं थीम सांग हरिऔध कला भवन में लॉन्च किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि एक जनपद के रूप में आजमगढ़ जनपद की स्थापना 18 सितम्बर सन् 1832 ई० को हुआ था, जिसके दृष्टिगत 18 सितम्बर, 2023 से आजमगढ़ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आजमगढ़ महोत्सव 2023 को भव्यता प्रदान करने के क्रम में जनपद तथा तहसीलों के विभिन्न स्थानों पर 13.09.2023 से 24.09.2023 तक विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिताओं तथा कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा, जिसमें मुख्य कार्यक्रम आयोजन 18.09.2023 से 24.09.2023 तक आईटीआई मैदान में किया जायेगा। इसके अतिरिक्त इन्हीं तिथियों में हरिऔध कला केन्द्र में आजमगढ़ के इतिहास एवं अन्य विषयों पर विभिन्न प्रकार के उच्च स्तरीय नाटकों का मंचन भी किया जायेगा। तहसीलों के विभिन्न विद्यालयों के मध्य गायन, नृत्य, एकाकी, रंगोली, मेहंदी इत्यादि के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिसमें से प्रति तहसील प्रथम आने वाली टीमों को आईटीआई मैदान में मुख्य सांस्कृतिक मंच पर प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा। प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरुप प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जायेगा।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *