जिलाधिकारी ने जाना वृद्धजनों का हाल, वितरित किया कम्बल

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा अंबरपुर स्थित वृद्धजन आवास में शुक्रवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों का हाल जाना। कड़ाके की ठंड को देखते हुए उन्होंने वृद्धजनों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ठंड से बचाव के लिए लकड़ी, अलाव और गर्म पानी की व्यवस्था को सुचारू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में बुजुर्गों को ठंड से कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने वृद्धजन आवास की रसोई और खान-पान की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा गर्म पानी की व्यवस्था के लिए इलेक्ट्रॉनिक गीजर लगाने का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक वृद्धजन से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। कुछ विकलांग वृद्धजनों द्वारा वृद्धा पेंशन और विकलांग पेंशन न मिलने की शिकायत किए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल पेंशन स्वीकृत कराने का निर्देश दिया।
वृद्धजन आवास में कुल 84 वृद्धजन उपस्थित थे, जिनमें 37 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल थे। जिलाधिकारी ने सभी वृद्धजनों को अपने हाथों से कंबल वितरित किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष प्रशासन की ओर से ठंड के मौसम में अलाव और कंबल वितरण की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी आजमगढ़ जिले की सभी तहसीलों में अलाव और कंबल के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है तथा सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि जरूरतमंदों को समय से अलाव और निशुल्क कंबल उपलब्ध कराए जाएं।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, निजामाबाद उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, तहसीलदार चमन सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *