आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निवार्चन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन की संशोधित तिथि 6 जनवरी, दावे और आपत्तियां दाखिल करने की संशोधित अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी तक, 6 जनवरी से 27 फरवरी तक नोटिस चरण (जारी करना, सुनवाई और सत्यापन)ः ईआरओ द्वारा गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावों और आपत्तियों का निपटान एक साथ किया जायेगा। 3 मार्च 2026 तक वोटर लिस्ट के स्वास्थ्य मापदंडों की जांच और अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति प्राप्त करना एवं 6 मार्च को वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फार्म 6 अधिसूचना 27 अक्टूबर द्वारा संशोधित कर दिया गया है। इस पुनरीक्षण में पुराने फार्म का उपयोग नहीं किया जायेगा, नये संशोधित फार्म घोषणा पत्र के साथ उपयोग किया जायेगा। निर्वाचक नामावली की किसी प्रविष्टि में संशोधन, स्थान परिवर्तन, ईपिक संशोधन, डुप्लीकेट ईपिक आदि सभी कार्यों के लिए फार्म-8 उपयोग किया जायेगा। उन्होने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि नये बूथ के अनुसार बूथ लेविल एजेण्ट (बी०एल०ए०) की नियुक्ति कर लिया जाय। उन्होने कहा कि वोटर हेल्प लाइन ऐप के माध्यम से अधिक से अधिक आनलाइन आवेदन करायें। उन्होने कहा कि निर्वाचक नामावली में कृपया अपना, अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम चेक करा लें तथा अपने सभी प्रतिनिधियों को भी अवगत करा दें। बैठक में विधायक सदर श्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक मुबारकपुर अखिलेश यादव, जिलाध्यक्ष आजमगढ़ धु्रव सिंह, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल