जिलाधिकारी ने स्कूली वाहन चालकों को दिया निःशुल्क चश्मा

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा माह के दौरान नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में परीक्षणोपरान्त चश्मा हेतु योग्य पाये गये 257 स्कूली वाहन के चालकों, परिचालकों को निःशुल्क चश्मा का वितरण किया।
जिलाधिकारी ने चालकों, परिचालकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए। सड़क सुरक्षा के सम्बन्ध में अति संवेदनशील रहें। उन्होने सभी चालकांे, परिचालकों को समय-समय पर नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनपद में छूटे हुए चालकों, परिचालकों का आगे भी शिविर के माध्यम से परीक्षण करवाकर निःशुल्क चश्मे का वितरण किया जायेगा। यदि आंखों के सर्जरी की आवश्यकता होगी, तो सरकार के निर्देशानुसार उसकी भी व्यवस्था की जाएगी। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री की विशेष अभिलाषा रहती है कि चालक, परिचालक के आंख की रोशनी कम होने के कारण कोई दुर्घटना न हो। उन्होंने सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को आगे भी कैम्प लगाकर नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण कराने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर सीएमओ डा.एनआर वर्मा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव एवं सर्वाेदय पब्लिक स्कूल, सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल, जीडी ग्लोबल स्कूल सहित अन्य स्कूलों के चालक, परिचालक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *