आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना द्वारा हरिऔध कला केन्द्र परिसर में ज़िला प्रशासन द्वारा तिरंगा महोत्सव के अन्तर्गत विभिन्न स्वयं सहायता समूहों एवं कृषक उत्पादन संगठन, ओडीओपी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, पर्यटन आदि की लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
हरिऔध कला केन्द्र के ऑडिटोरियम में भव्य तिरंगा म्यूजिकल कांसर्ट का भी आयोजन किया गया, जिसमें आदर्श मिश्रा एवं बृजेश चौहान (दिव्यांग) द्वारा लोकगायन, राबी डान्स इंस्टीट्यूट द्वारा देशभक्ति समूह नृत्य की प्रस्तुति की गयी। जिलाधिकारी द्वारा कलाकारों को मोमेण्टो देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपरोक्त कलाकारों द्वारा बहुत ही मनमोहन लोकगायन की प्रस्तुति दी गयी। इनकी प्रस्तुति देखकर आजादी का, स्वतंत्रता का, देशभक्ति का भाव इस पूरी ऑडिटोरियम में गूंज उठा। उन्होने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का आज अंतिम दिवस है और 13 से 15 अगस्त तक तृतीय चरण हैं। उन्होने कहा कि तिरंगा महोत्सव के अवसर पर हरिऔध कला केन्द्र में विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन कर उसका लाभ उठायें। विशेष रूप से बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिका द्वारा प्रदर्शनी में गणित को समझने के लिए बहुत ही अच्छी विधि का प्रयोग किया है, उससे कोई भी बच्चा आसानी से गणित को सीख सकता हैं। उन्होने कहा कि इस तरह की शिक्षा पद्धति जनपद के प्रत्येक विद्यालय में होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान, चौक, चौराहे, कार्यालय आदि स्थानों पर मजबूती से तिरंगा लगायें एवं उसके साथ अपनी सेल्फी लेकर संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करने के उपरान्त अपना फोटो अपलोड करें। जिलाधिकारी ने कहा कि 14 अगस्त को विभिन्न क्षेत्रों में समाज हित में अच्छा कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जायेगा। उन्होने कहा कि यह पूरा हर घर तिरंगा कार्यक्रम आजादी के महत्व को समझने, उसको महसूस करने और तिरंगा को बुलन्द रखने का कार्यक्रम है।
रिपोर्ट-सुबास लाल