जिलाधिकारी आजमगढ़ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण

शेयर करे

अंजानशहीद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जिलाधिकारी ने भ्रमण किया। सिंचाई विभाग को फटकार लगाते हुए हाजीपुर में बाढ़ से बचाव की कार्य योजना मांगी। घाघरा नदी में तीन लाख 40 हजार क्यूसेक पानी छूटने से घाघरा नदी के जलस्तर में 39 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। बदरहुआ गेज पर घाघरा नदी खतरा बिंदु पर पहुंच गयी है। जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर उन्हें सक्रिय करने का दिशा निर्देश दिया।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के देवरांचल में उत्तर की दिशा में बहने वाली घाघरा नदी में 3.40 लाख क्यूसेक पानी छूटने से जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। गुरुवार को जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान बदरहुआ नाले पर निरीक्षण कर जलस्तर व बाढ़ से बचाव की तैयारी परखी। इसके बाद गांगेपुर रिंग बांध पर बचाव के कार्यों को देखा। बाढ़ खंड विभाग के अभियंता दिलीप कुमार से जानकारी ली। गांगेपुर, चक्की हाजीपुर, हाजीपुर में बाढ़ चौकी का निरीक्षण कर तैनात कर्मचारियों से रजिस्टर का अवलोकन कर गर्भवती महिलाओं की सूची मांगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चौकियों को सक्रिय कर प्रतिदिन दिवा रात्रि की तैनाती के साथ रात्रि में महिलाओं को बाढ़ चौकियों पर तैनात करने के निर्देश दिए। जिसके बाद हाजीपुर में नव निर्माणाधीन हाजीपुर गोला पुल से हो रहे अवरोध व मुख्यधारा को देखते हुए सिंचाई विभाग के अभियंता दिलीप कुमार को फटकार लगाई और कहा कि बाढ़ से बचाव की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की है। हाजीपुर में बचाव की कार्य योजना मांगी। जिलाधिकारी ने महुला गढ़वल बांध पर निरीक्षण कर रेनकट सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
रिपोर्ट-फहद खान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *