पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, बिहार सहित देश के लगभग आठ राज्यों में तेजी से अपने संगठन का विस्तार कर रहा है। यह संगठन भूमिहार समाज की एकता, जागरूकता और सामाजिक उत्थान का प्रतीक बनकर उभर रहा है। समाज के लोगों को एकजुट करने, सामाजिक चेतना बढ़ाने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से संगठन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इसी क्रम में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए जनपद के संरक्षक, मार्गदर्शक तथा वरिष्ठ सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी और राष्ट्र कार्यकारिणी के अनुमोदन से विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। एसोसिएशन द्वारा विपिन राय, जो मूल रूप से जनपद आजमगढ़ के निवासी हैं और वर्तमान में लखनऊ में रह रहे हैं, को उत्तर प्रदेश का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं मोहम्मदपुर लाटघाट निवासी राकेश राय को जिला उपाध्यक्ष, रोहुवार निवासी हरिवंश राय को जिला उपाध्यक्ष, रोहुवार निवासी रासबिहारी राय को जिला मंत्री, रोहुवार निवासी अमित कुमार राय को जिला मीडिया प्रभारी तथा हसनपुर निवासी विजय कुमार राय को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सक्रिय और समर्पित लोगों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और समाज के बीच संगठन की पहुंच और अधिक मजबूत होगी। इनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा और समाज की एकता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
रिपोर्ट-बबलू राय