आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अध्यक्ष, जिला पंचायत आजमगढ़/जिला एकीकरण समिति विजय यादव की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन के सभागार में राष्ट्रीय एकीकरण योजना के अन्तर्गत जिला एकीकरण समिति की बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय एकता, भाई-चारा, धर्म निरपेक्षता एवं लोकतंत्र की भावना बढ़ाने तथा साम्प्रदायिक एकता एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को निरन्तर कायम रखने के सम्बन्ध में तथा महान विभूतियों के जन्म दिवस मनाये जाने के सम्बन्ध में विचार विमर्श किया गया।
अध्यक्ष ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि आगामी 31 अक्टूबर को लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर समस्त विद्यालयों में पटेल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व तथा राष्ट्रीय एकता, साम्प्रदायिक सौहार्द्र एवं पर्यावरण विषय पर निबन्ध प्रतियोगिता आयोजित करायी जाए। उन्होने कहा कि पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में समिति के सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाए। इसके साथ ही उन्होने कहा कि जनपद के महान विभूतियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जन्म दिवस उल्लास पूर्वक मनाया जाय। समिति के सदस्यों ने जनपद के गुमनाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, महान विभूतियों की जयंती मनाये जाने के सम्बन्ध में चर्चा की।
बैठक में विधायक आलमबदी, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, सीएमओ डा.एनआर वर्मा, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा रामउदरेज यादव सहित जिला एकीकरण समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल