पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ओरिल डिहवा गांव के नाले में दो दिन पहले हत्या कर फेके गए 15 वर्षीय किशोर दीपांशु विश्वकर्मा की हत्या पर से पर्दा हट गया। सोमवार को पवई पुलिस ने घटना का राजफाश करते हुए हत्या में शामिल अभियुक्त को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
तीन दिसंबर को सुबह ओरिल डिहवा गांव नाले में मिले अज्ञात किशोर का शव मिला था। उसी दिन देर शाम फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर निवासी दिलीप विश्वकर्मा ने पवई थाने पर पहुंचकर शव की पहचान किया, और बताया कि यह मेरा पुत्र दीपांशु है। उसने यह भी बताया कि वह परिवार सहित पवई थाना क्षेत्र के सरायपुल बाजार में किराए के मकान में रहता है उसकी पत्नी सिलाई सेंटर चलाती है। उसका पुत्र दीपांशु परीक्षा देने के बहाने सरायपुल से सैदपुर गया था तथा शाम को अपने दोस्त अतुल चौहान के दोस्त की बहन की शादी में ओरिल डिहवा गया था और उसकी हत्या हो गई।
दीपांशु के पिता दिलीप विश्वकर्मा के बयान को संज्ञान में लेते हुए पवई पुलिस ने उसके दोस्त अतुल चौहान को हिरासत में लेने के बाद जब पूछताछ किया तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए यह बताया कि दीपांशु को वह बहला फुसला कर शादी समारोह में शामिल होने के लिए ओरिल डिहवा गांव ले गया। इसके लिए उसे अपना जैकेट और सेंडिल भी पहनने को दिया। वहां पहुंचने के बाद रात आठ बजे साइकिल से दोनो ने ठेके से देशी शराब खरीदकर पिया जब दीपांशु को थोड़ा नशा हो गया तो उसे लेकर फिर बारात में आ गया। वहां पहुंचने के बाद शौच के बहाने उसे नाले के पास ले गया। फिर उसे बीड़ी पिलाया और अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश करना शुरू कर दिया। अतुल चौहान ने जुर्म कबूलते हुए कहा कि जब दीपांशु इसके लिए तैयार नहीं हुआ तो उसने हाथ में पहने चुल्ले से दीपांशु पर वार कर दिया जिससे उसकी नाक से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गया। उसके बाद उसने दीपांशु की गन्ने के खेत के पास जमीन में मुंह दबा कर उसकी हत्या कर दी और बारात में चला आया। कुछ देर बाद फिर वहां पहुंच कर उसके शव को उठा कर नाले में फेंक दिया। उसके बाद पुनः वह कुछ देर बारात में रहने के बाद अपने घर चला गया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से हत्या में प्रयुक्त स्टील का चुल्ला, शर्ट की टूटी बटन, एक जोड़ी पेंट शर्ट और जूता आदि बरामद किया।
रिपोर्ट-नरसिंह