आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के नव नियुक्त निदेशक प्रसार प्रो.राम बटुक सिंह ने केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर स्थापित विभिन्न 22 जीवंत प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण किया तथा उनमें और सुधार हेतु अपने बहुमूल्य सुझाव भी दिए।
केंद्र पर उद्यान विभाग द्वारा चल रहे दो दिवसीय शाक-भाजी, फल-फूल लो-टनल पाली हाउस, संरक्षित खेती आदि विषयों पर प्रशिक्षण में निदेशक प्रसार ने 60 किसानों को जागरुक करते हुए नव विकसित तकनीक अपनाते हुए वैज्ञानिक ढंग से खेती करने के लिए प्रेरित किया। केंद्र के बीज उत्पादन कार्यक्रम तथा जीवंत प्रदर्शन इकाइयों का अवलोकन कर उन्होंने केंद्र की गतिविधियों, यहां के वैज्ञानिकों का कृषक समुदाय से जुड़ाव तथा केंद्र के कृषि विकास एवं किसान कल्याण हेतु सदैव तत्पर रहने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रसार अधिकारी डॉ. केएम सिंह ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य एवं जल संरक्षण पर तकनीकी जानकारी दिया। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ.एके यादव ने संरक्षित खेती पर किसानों को जागरूक किया। वरिष्ठ मृदा वैज्ञानिक डॉ.रणधीर नायक ने फल -फूल शाक-भाजी तथा मसाला उत्पादन में संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन पर जानकारी दिया। उद्यान वैज्ञानिक डॉ.विजय कुमार विमल ने लो-टनल पाली हाउस में अगेती नर्सरी उत्पादन की तकनीक पर चर्चा करते हुए अधिक उत्पादन एवं दोहरा लाभ कमाने पर जानकारी दी। उन्होंने परिसर में पौधा भी लगाया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार