1700 शिक्षकों को दिया गया डिजिटल प्रशिक्षण

शेयर करे

कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। डायट जाफरपुर में आयोजित आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार 14 मार्च को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल तकनीक से जोड़ते हुए विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास एवं स्मार्ट टीवी के प्रभावी उपयोग के लिए दक्ष बनाना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 बैचों के माध्यम से लगभग 1700 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसमें जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों, कंपोजिट विद्यालयों तथा पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के शिक्षक, एआरपी, एसआरजी, डायट प्रवक्ता, डायट मेंटर तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के संरक्षक डायट प्राचार्य अमरनाथ राय रहे, जबकि कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ प्रवक्ता चंदन प्रसाद भारती ने प्रशिक्षण के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. भावना मिश्रा तथा सह-प्रभारी आशुतोष श्रीवास्तव एवं डायट प्रवक्ता चंद्रशेखर ने प्रशिक्षण को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और स्मार्ट टीवी के संचालन तथा डिजिटल शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर के रूप में कंपोजिट विद्यालय मक्खापुर फूलपुर के सहायक अध्यापक कैलाश मौर्य एवं ब्लॉक मिर्जापुर की एआरपी रिजवाना खातून ने प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
वहीं राज्य परियोजना कार्यालय से नामित स्मार्ट टीवी एक्सपर्ट विजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को स्मार्ट टीवी के संचालन, विभिन्न शैक्षणिक एप्लिकेशन के उपयोग, डिजिटल कंटेंट के समावेशन तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उनके द्वारा दिए गए व्यवहारिक प्रशिक्षण से शिक्षकों को स्मार्ट टीवी और डिजिटल संसाधनों के उपयोग में विशेष दक्षता प्राप्त हुई। इस प्रशिक्षण के उपरांत अब जिले के शिक्षक विद्यालयों में डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए शिक्षण कार्य को अधिक रोचक, आधुनिक और तकनीक आधारित बना सकेंगे, जिससे छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
रिपोर्ट-विजय कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *