संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वादी दिवस के आयोजन की पहल करने के बाद डीआइजी वैभव कृष्ण ने उसकी उपयोगिता साबित करने की ठानी तो सरायमीर थाना भी पहुंच गए। उन्होंने मुकदमें के विवेचक और वादी मुकदमा को आमने-सामने कर विवेचना की तस्वीर साफ करने का पूरा प्रयास किया। इसके बाद सभी वादी मुकदमा को संतुष्ट भी किया। पीड़ितों की आधी पीड़ा डीआइजी की बातों से ही दूर होती दिखी। आइजीआरएस/शिकायत प्रार्थना पत्र व बार-बार प्रार्थना पत्र देने वाले आवेदक व मुकदमे से संबंधित 44 वादी उपस्थित हुए। वह वादियों जिनके मुकदमे 6 महीने के अंदर व एक महीने के पंजीकृत हुए हैं, उसके संबंध में पुलिस द्वारा क्या कार्रवाई की गई, विवेचना में विवेचक द्वारा अब तक क्या किया गया आदि के बारे में विवेचक की उपस्थिति में सभी वादियों से वार्ता कर कार्रवाई के संबंध में विस्तार से बात कर संतुष्ट किया गया। थाना प्रभारी यादवेंद्र पांडेय व उपस्थित विवेचक से पेंडिंग मुकदमे के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि जल्द से जल्द सभी मुकदमों की विवेचना कर निस्तारण कराया जाए। चोरी हुई बकरी बरामद करने वाली पुलिस टीम की प्रशंसा की। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी फूलपुर अनिल कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राहुल यादव