डीआईजी ने किया मुबारकपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस उप महानिरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र व पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मुबारकपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के पश्चात क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुलिस की कार्यशैली के बारे में जानकारी ली और अपेक्षित सुझाव का मौका भी दिया। निरीक्षण में असलहे, गोली व कारतूस परिसर में रखकर उसकी गिनती कराई गई।
डीआईजी व एसपी ने थाने के अभिलेख व असलहों के रखरखाव का बारीकी से निरीक्षण किया। स्टोर रुम से बाहर कई प्रकार के असलहे, कारतूस रखवाए गए थे। सबकी गिनती कराई तथा असलहों को चलाने के बारे में पुलिस कर्मियों से पूछा, लेकिन किसी ने सन्तोष जनक जवाब नहीं दिया। निरीक्षण करने के बाद बैठक कर चुनाव पर चर्चा और पुलिस की कार्य शैली को लेकर बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगा। पूर्व प्रधान वसिक ने लोहरा गांव में पुलिस चौकी का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा। वहीं ग्राम पंचायत सलारपुर के प्रधान जितेन्द्र कुमार से पुलिस की कमियों के बारे में पूछा गया। पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस के साथ जनता को भी पुलिस की मदद करनी पड़ेगी। थाना जनता की सेवा के लिए 24 घन्टे खुला है। अपराध को रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरा ग्राम प्रधान लगवाएं जो निष्पक्ष सूचना देने का काम करेगा। नगर पालिका व नगर पंचायत का चुनाव होना है, चुनाव में कहीं कटुता न हो। चुनाव शांतिपूर्ण होना चाहिए उसे जाति व धर्म से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। निरीक्षण से पहले थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने पुलिस उप महानिरीक्षक को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। इस अवसर पर एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल, सीओ सदर शक्ति अवस्थी, सीओ सिटी गौरव शर्मा के अलावा ग्राम प्रधान अमित राय, राम अवध चौहान, मुन्ना, जितेन्द्र, अमित पाण्डेय, दीपक कुमार, बिरेंद्र यादव, सलाहुद्दीन, शाह आलम आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *