बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के भीमबर बाजार स्थित श्री नरोत्तम ब्रह्म बाबा मंदिर प्रांगण में हो रहे पंच दिवसीय अखंड हरि कीर्तन व यज्ञ के पांचवें और अंतिम दिन भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने खुद को धन्य महसूस किया। श्री नरोत्तम ब्रह्म मंदिर पर बाजार और क्षेत्र वासियों के सहयोग से लगभग 23 वर्षों से अखंड पांच दिवसीय हरि कीर्तन व यज्ञ का आयोजन किया जाता है, जहां इन पांच दिनों में दूर-दूर से लोग निस्वार्थ भाव से हरि कीर्तन करने के लिए आते रहते हैं। यह मंदिर प्राचीन काल से लोगों के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है। वहीं जो लोग सच्चे मन से मन्नतें मानते हैं, उनकी मन्नतें अवश्य पूरी होती हैं। सोमवार का दिन यहां की पूजा का विशेष दिन होता है। इस दिन क्षेत्रीय और दूर-दूर से लोग बाबा के दरबार में दर्शन के लिए आते हैं। जिनकी मुरादें पूरी हो जाती हैं, वह दूध से स्नान कराते हैं। इस दिन यहां पर मेले का भी आयोजन किया जाता है।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र