राम-विवाह प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत गौरी नरायनपुर स्थित शक्तिपीठ गौरी कालिका धाम पर आयोजित भव्य श्रीराम कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के छठे दिन कथावाचक पंडित अलंकार कौशिक जी महाराज ने भगवान श्रीराम और माता सीता के पुष्प वाटिका में प्रथम मिलन से लेकर जनकपुरी में आयोजित स्वयंवर और राम-विवाह तक के प्रसंग का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया।
जैसे ही पुष्प वाटिका में राम-सीता के प्रथम दर्शन का प्रसंग आया, पंडाल में बैठे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और “सीताराम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इसके बाद महाराज जी ने जनकपुरी के भव्य स्वयंवर का वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार भगवान श्रीराम ने भगवान शिव के धनुष को तोड़कर माता सीता का वरण किया। राम-विवाह का दिव्य वर्णन सुनते ही ऐसा प्रतीत हुआ मानो त्रेतायुग की पावन झांकी सजीव हो और हर कोई उस अलौकिक क्षण का साक्षी बन गया हो।
मंदिर के पुजारी विजय पांडे उर्फ रिंकू पांडे, आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय राय तथा संरक्षक सुधीर राय के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। इस अवसर पर रूद्रप्रकाश राय सहित सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *