मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं जिनके सपनों में उड़ान होती है: डॉ.संग्राम यादव

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अतरौलिया में बुधवार को कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को अपने उज्जवल भविष्य के लिए सही दिशा चुनने हेतु जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव ने सरस्वती प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर मेले का शुभारंभ किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि समेत सभी अध्यापकों का सम्मान प्रधानाचार्या प्रतिभा द्वारा मोमेंटो और पौधा भेंटकर किया गया।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य और नियमित प्रयास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं जिनके सपनों में उड़ान होती है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और अवसर मिलने पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाती हैं।
इस दौरान आयोजित मॉडलिंग और प्रदर्शन में छात्राओं ने इंजीनियर, डॉक्टर, टीचर, आईएएस, पीसीएस, एडवोकेट, ब्यूटीशियन और आर्टिस्ट जैसे विभिन्न करियर विकल्पों को प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। पेंटिंग और रंगोली के माध्यम से भी छात्राओं ने करियर गाइडेंस से जुड़े आकर्षक मॉडल बनाए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
प्रधानाचार्या प्रतिभा ने सरकार द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मेला विद्यार्थियों को सही करियर चुनने में बड़ी मदद करेगा। उन्होंने बताया कि छात्रों को एक विशेष करियर गाइडेंस बुक भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से वे भविष्य में विभिन्न रोजगार अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर नोडल शिक्षिका रेखा देवी, सुधा सिंह, किरण मौर्य, तंद्रा यादव, निखिल, नेहा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। संचालन बीना पांडेय ने किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *