पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शीतला माता मंदिर पवई में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान मंगलवार को श्रीधाम वृन्दावन से पधारे कथावाचक राजेश्वर जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान पूतना उद्धार प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार बालक श्रीकृष्ण ने राक्षसी पूतना का उद्धार कर उसे मोक्ष प्रदान किया। इस प्रसंग से यह संदेश दिया गया कि भगवान अपने शरण में आए हर जीव का कल्याण करते हैं।
इसके बाद गोवर्धन पूजा की कथा सुनाई गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अभिमान को तोड़ने और गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने का वर्णन किया गया। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं में भक्ति और आस्था का संचार किया।
कथा के दौरान माखन चोरी लीला का भी मनमोहक चित्रण किया गया। बाल स्वरूप श्रीकृष्ण की चंचल लीलाओं को सुनकर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान विजय नारायण अग्रहरि, जयप्रकाश सिंह, राहुल अग्रहरि, अशोक सोनी, अनूप श्रीवास्तव, मोनू, सोनू, प्रकाश, दीपक, राम सहाय, चंदन आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-नरसिंह