उपप्रबंधक पर लगा शिक्षिका का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर के सर सैयद इंटर कोलेज के उप प्रबंधक द्वारा शिक्षिका को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला प्रकाश में आया है। शिक्षिका की सास ने अहरौला थाने पर शिकायती पत्र देकर प्रबंधक पर कार्यवाही की मांग की है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के कुम्हवट गांव निवासिनी राधिका मौर्य ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा कि उसके पुत्र पराग मौर्य की शादी छः वर्ष पूर्व अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी सुग्रीव मौर्य की पुत्री सीमा से हिन्दू रीति रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। सीमा सर सैयद इंटर कालेज गौसपुर में कंप्यूटर शिक्षिका है और उसका पुत्र पराग बिजली विभाग में अवर अभियंता के पद पर सहारनपुर में कार्यरत है। राधिका मौर्य का आरोप है कि उसकी बहू सीमा को विद्यालय के उपप्रबंधक ग़ालिब खान द्वारा तमाम तरह का प्रलोभन देकर उसका ब्रेनवास कर दिया गया है। वह पूजा पाठ करने की बजाय रोजा नमाज रखना शुरू कर दिया है और कालेज में ही प्रबंधक द्वारा दिए गए आवास में रह रही है। जब-जब उसका पुत्र सीमा को सहारनपुर ले गया तब-तब गालिब खान द्वारा वीडियो कॉल कर पति के साथ रहने और किसी तरह का संबंध रखने से रोका जाता है और रेल का टिकट भेज कर उसे वापस बुला लिया जाता है। बहू सीमा भी पूरी तरह से ग़ालिब खान के इशारे पर चलती है और पति और परिवार का कोई भी शख्स यदि उसे समझाने का प्रयास करता है या ससुराल चलने को कहा जाता है तो ग़ालिब द्वारा उसे जानमाल की धमकी दी जाती है। बहू भी उसी के कहने पर चल रही है और कालेज में ही रह रही है। ससुराल जाने से मना कर रही। राधिका ने शिकायती पत्र में कालेज प्रबंधक पर कार्यवाही की मांग की है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है अगर ऐसा है तो विधिसम्मत कार्यवाही पुलिस करेगी।
इनसेट–
उपप्रबंधक ने कहा आरोप निराधार

माहुल (आजमगढ़)। सर सैयद इण्टर कालेज के उप प्रबंधक ग़ालिब खान ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि सीमा एक एनजीओ के माध्यम से उनके कालेज में कंप्यूटर शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। उनके कालेज में बने शिक्षक आवास में सीमा के अलावा अन्य शिक्षक और शिक्षिकाएं भी रहती है। सीमा का ससुराल वालों से विवाद चल रहा है जिससे उनका कोई लेना देना नहीं है। कुछ लोग राजनीति कर इसे दूसरा रूप देना चाहते हैं।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *