बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भैरोपुर दरगाह में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सीसी मार्ग का निर्माण कराया गया जो अभी से जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सीसी मार्ग पर ही जमकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार को चेताया कि जल्द से जल्द सीसी मार्ग का निर्माण कार्य पुनः मानक के अनुरूप कराया जाए और उसकी दोनों पटरियों को भी बनवाया जाए। यदि ग्रामीणों की मांगे पूरी नहीं हुई तो तहसील में ताला जड़ने का काम किया जायेगा।
इस संबंध में ठेकेदार ने बताया कि सीसी मार्ग सही बना है। कहीं पर कोई समस्या नहीं है। वहीं जब पटरियों के बारे में पूछा गया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार पटरियों का पैसा खा गया है और पटरी बनवाने की बात नहीं कर रहा है। ऐसे में जब एक ही बार में दो गाड़ियां उस मार्ग पर आ जा रही है तो दोनों गाड़ियों को क्रॉस करने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए मोहम्मद कैफी आजमी ने बताया कि ठेकेदार पूरी तरह से मनमाना रवैया अपना रहा है। हम लोगों ने जब कहा कि माल गड़बड़ लगाया जा रहा है तो उसने कहा कि मैं अपनी मर्जी से लगाऊंगा जो तुम्हें करना हो कर लो। वहीं जब हम लोगों ने रोड के दोनों पटरियों के बारे में पूछा तो उसने हमें धमकाने की कोशिश की और कहा कि यहां से चले जाओ मैं जो कर रहा हूं मुझे करने दो।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह