सृष्टिमीडिया आजमगढ़। मेहनाजपुर बाजार को नया ब्लाक घोषित किए जाने की मांग को लेकर अनुराग तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को जिला प्रशासन से मिला। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपकर नए ब्लाक बनाये जाने की मांग की।
समाजसेवी बिजेन्द्र सिंह ने बताया कि जनपद मुख्यालय से 55 किमी दूरी पर मेहनाजपुर बाजार स्थित है। यह बाजार क्षेत्र के 52 गांवों के बीच में स्थित है। वहीं वर्तमान में मेहनाजपुर बाजार से जुड़े 52 गावांे का ब्लाक मुख्यालय तरवां है। इन 52 गांवों की दूरी ब्लाक मुख्यालय से 20 से 22 किमी से अधिक है। ऐसे में जनहित और विकास की दृष्टिकोण से मेहनाजपुर बाजार को नया ब्लाक घोषित किया जाना न्यायोचित होगा। उन्होंने कहा कि उक्त विषय को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से समय मिल चुका है, हमारा प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेगा और सकारात्मक कदम उठाए जाने की मांग करेगा। समाजसेवी अनुराग तिवारी ने कहा कि मेहनाजपुर क्षेत्र से जुड़े वर्तमान समय में 25 गांव के ग्राम प्रधान, महाप्रधान, बीडीसी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, क्षेत्रवासियों का समर्थन पत्र हमें मिल चुका है। इस जायज मांग को पूरा कराने के लिए एड़ी चोटी को जोर लगाकर मेहनाजपुर से जुड़े क्षेत्र को विकास के पथ पर अग्रसारित कराया जाएगा ताकि इसका लाभ लाखों की आबादी को मिल सकें। प्रतिनिधि मंडल में कृष्णानंद मिश्रा, अनिल कुमार सिंह, बालेश्वर सिंह, सुरेश सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव