डेढ़ घंटे तक चले इस परेड में स्वदेशी हथियारों अर्जुन टैंक, वज्र और ब्रह्मोस बने आकर्षण का केंद्र
नई दिल्ली। 74वें गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्त्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया, उसके बाद परेड की शुरूआत हुई। सेनाओं ने स्वदेशी शौर्य का प्रदर्शन किया। डेढ़ घंटे तक चले इस परेड में स्वदेशी हथियारों अर्जुन टैंक, वज्र और ब्रह्मोस नजर आए। सीआरपीएफ का आल वुमन कॉन्टिजेंट दिखा, नेवी और आकाश मिसाइल सिस्टम की टुकड़ी का नेतृत्व महिलाओं ने किया। 18 फीट ऊंची सीढ़ी पर चढ़ डेयर डेविल्स ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। 50 एयरक्राफ्ट के फ्लाई पास्ट में राफेल गरजे। पहली बार अग्निवीर परेड में शामिल हुए। आर्म्ड फोर्सेस, राज्यों और विभागों की 23 झांकियों ने जनमन को मोह लिया। यूपी की झांकी में दीपोत्सव और गुजरात की झांकी पर सौर ऊर्जा चलित गांव की झलक दिखी।
मोटरसाइकिल पर दिखाईं 50 योग मुद्राएं

गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि इजिप्ट यानी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सीसी मुख्य अथिति थे। मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इजिप्ट की सैन्य टुकड़ी भी परेड का हिस्सा बनी। गणतंत्र दिवस की सुबह प्रधानमंत्री ने संदेश दिया- उम्मीद है कि हम सब मिलकर आजादी के लिए लड़ाई लड़ने वालों का सपना पूरा करेंगे। सिग्नल कॉर्प्स की डेयर डेविल्स टीम ने कर्तव्य पथ पर रिकॉर्ड बनाया। कॉर्प्स के हवलदार सुजीद मोंडल ने 18 फीट ऊंची सीढ़ी लगाकर मोटरसाइकिल चलाई। कॉर्प्स के मुताबिक, दुनिया में कभी भी मोटरसाइकिल पर इतनी ऊंचाई वाली सीढ़ी से सवारी नहीं की गई। सुजीद के अलावा लांस नायक अजय यादव ने मोटरसाइकिल पर 50 योग मुद्राएं दिखाईं और नायक स्वप्निल ए. ने सूर्य नमस्कार किया।
राजस्थानी पगड़ी में नजर आएं पीएम

पीएम नरेंद्र मोदी परेड से पहले वॉर मेमोरियल गए। शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मोदी भगवा-पीले-लाल रंग की राजस्थानी पगड़ी और सफेद मफलर में नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली बार गणतंत्र दिवस पर कुर्ता-पायजामा पहना था। उनके गले में मणिपुर का पारंपरिक लेंग्यान गमछा था। उन्होंने उत्तराखंड की टोपी पहनी थी, जिस पर ब्रह्मकमल बना था। पूर्व चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत भी ऐसी ही टोपी पहनते थे।