शरारती तत्वों ने निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया नकली मृत्य प्रमाण पत्र
सोनभद्र (सृष्टि मीडिया)। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर के नाम से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। शरारती तत्वों ने निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर इस अपलोड भी कर दिया। प्रमाण पत्र को पन्नूगंज-शाहगंज पीएचसी से जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराई तो मामला फर्जी पाया गया। अब स्वास्थ्य विभाग आरोपियों पर एफआईआर करा रहा है।
यह प्रमाण पत्र 2 फरवरी 2023 को जारी किया गया है
जानकारी के अनुसार, जिले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नाम से जारी मृत्यु प्रमाण पत्र में उनके पिता के नाम के कालम में हरबंस लाल का नाम भी लिखा है। यह प्रमाण पत्र 2 फरवरी 2023 को जारी किया गया है, जिसमें उनकी मृत्यु 5 मई, 2022 को होना दर्शाया गया है। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री का पता प्रेमनगर करनाल हरियाणा लिखा गया है। मां का नाम प्रमाणपत्र में शांति देवी लिखा है। इसमें मनोहर लाल की उम्र 68 वर्ष दिखाई गई है। मृत्यु का स्थान पन्नूगंज उर्फ शाहगंज पीएचसी बताया गया है। शरारती तत्वों ने यह मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड भी कर दिया। सीएमओ आरएस ठाकुर ने कहा कि प्रमाणपत्र जारी करने के पीछे शरारती तत्वों का हाथ है। सीएमओ ने कहा सोनभद्र में शाहगंज और पन्नूगंज में पीएचसी नहीं है, बल्कि वहां पर सीएचसी है। प्रमाण पत्र पूरी तरह से फर्जी है। अज्ञात के खिलाफ पन्नूगंज थाने में मुकदमा कराया जा रहा है।