संदिग्ध हालात में नहर से मिला युवक का शव

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के गोठाव गांव में रविवार की शाम सड़क किनारे नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बरदह और गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान इरशाद अहमद 20 वर्ष पुत्र अलाउद्दीन, निवासी गंभीरपुर के रूप में हुई। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
मृतक इरशाद के पिता अलाउद्दीन इस समय अपने परिवार के साथ खोर्रमपुर में मकान बनवाकर रह रहे हैं। इरशाद सेना की तैयारी कर रहा था और रोज सुबह दौड़ने के लिए जाया करता था। रविवार की सुबह भी वह रोज़ की तरह सुबह 5 बजे घर से दौड़ने के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी देर बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिलने से चिंता बढ़ गई। शाम को बरदह थाना क्षेत्र के गोठाव गांव के पास नहर में एक अज्ञात शव दिखाई दिया। बेटे का शव देखकर परिवार वालों में कोहराम मच गया। परिजनों ने साफ तौर पर कहा कि इरशाद की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। इरशाद अपने भाइयों में तीसरे नंबर पर था और सेना में भर्ती होने का सपना देख रहा था। उसकी अचानक हुई मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बरदह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *