संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवक का शव

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के दौना ज़ेहतमंदपुर गांव में बुधवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित धनखरा पोखरा के पास पेड़ से रस्सी के सहारे लटका एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आयुष 20 वर्ष पुत्र मनोज के रूप में हुई, जो कक्षा 12 का छात्र था। वह बचपन से अपने ननिहाल दौना ज़ेहतमंदपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, आयुष मंगलवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। इस संबंध में देवगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण जब पोखरे की ओर गए तो उन्होंने पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आयुष मूल रूप से भागमलपुर भीरा, थाना बरदह का निवासी था और अपने ननिहाल में रह रहा था। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नाना नाथे राम ने बताया कि आयुष के लापता होने के बाद उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *