पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार गांव में सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के सिवान में एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। शव की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिजनों को सूचना दी।
रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार गांव निवासी 25 वर्षीय पिंटू शटरिंग का काम करता था। परिजनों ने बताया कि पिंटू रविवार रात घर में सोया था, लेकिन रात करीब 12 बजे शौच के लिए बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर गांव के सिवान में एक पेड़ से गमछे के सहारे उसका शव लटकता हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि पिंटू तीन बहनों में इकलौता भाई था और उसके दो छोटी बेटियां हैं। सूचना पर पहुंची रौनापार पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय