महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कटान बाजार के पास देवारा हरखपुरा में रविवार अपराह्न उस समय हड़कंप मच गया जब सरदहा बाजार रोड किनारे एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने जब व्यक्ति को देखा तो पहले जीवित होने की आशंका में एंबुलेंस 108 को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों ने जांच की तो पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर भी सूचना दी। पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक राजगीर मिस्त्री प्रतीत हो रहा है। उसके बगल में साइकिल, पाटा, कन्नी सहित अन्य औजार मिले। पुलिस को उसकी जेब से ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली जिससे उसकी पहचान हो सके। शव को पंचनामा व अन्य कानूनी औपचारिकताओं के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों में सूचना प्रेषित की जा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा