आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिधारी थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता एक इंटरमीडिएट के छात्र का शव मंगलवार को सिधारी थाना क्षेत्र में तमसा नदी से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिधारी थाना क्षेत्र निवासी रामप्रताप सिंह का 17 वर्षीय पुत्र नमन प्रताप सिंह इंटरमीडिएट का छात्र था। वह आठ मार्च को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र के मछली मंडी के पास तमसा नदी में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव उतराता हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। शव की पहचान लापता छात्र नमन प्रताप सिंह के रूप में हुई। मृतक के पिता रामप्रताप सिंह भाजपा की कार्यसमिति के सदस्य भी हैं।
क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि सोमवार को रामप्रताप सिंह ने अपने 17 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी, जिस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मंगलवार को तमसा नदी से शव बरामद हुआ है। मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ फील्ड यूनिट की टीम भी पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।