पोखरे में मिला लापता बुजुर्ग का शव, मचा कोहराम

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शहजेरपुर गांव निवासी अच्छेलाल राजभर 60 वर्ष का शव मंगलवार सुबह गांव के पक्के पोखरे में मिलने से सनसनी फैल गई। वह सोमवार शाम घर से शहजेरपुर पुरवा चौराहे के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पोखरे के पास उनकी चप्पल और चुनौटी देखी तो आशंका गहराई। इसके बाद परिजन व ग्रामीण पोखरे में खोजबीन करने लगे। काफी तलाश के बाद पोखरे के पूर्वी हिस्से में उनका शव मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पांच बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें तीन बेटों की शादी अभी बाकी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *