आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील के उत्तर देवारा क्षेत्रवासियों के लिए रविवार का भी दिन राहत भरा रहा। लगातार तीसरे दिन भी बैराजों से पानी नहीं छोड़ा गया और 24 घंटे में पांच सेमी कमी के साथ जलस्तर खतरा निशान से 64 सेमी नीचे पहुंच गया है। हालांकि, अभी नाव का संचालन पूरी तरह से बंद नहीं हुआ है। जो स्थिति फिलहाल है, उसमें ग्रामीणों में अब बाढ़ से निजात की उम्मीद बढ़ने लगी है। उम्मीद है दशहरा से पहले नदी का पानी अपने मूल स्थान पर पहुंच जाएगा। सभी स्थानों पर कटान भी पूरी तरह से रुक गई है।
हालांकि, अभी भी आधा दर्जन गांवों के रास्तों के डूबने से आवागमन के लिए बेलहिया में नाव का संचालन किया जा रहा है। बीते शुक्रवार को एक बार फिर बाढ़ की वापसी शुरू हुई तो 10वीं बार उफान मारने लगी थी। अब तक 2 करोड़ 23 लाख 01 हजार 184 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। बीच में 18वें दिन 25 जुलाई, 55वें दिन 1 सितंबर, 66वें दिन 12 सितंबर, 79वें दिन 25 सितंबर, 86वें दिन 2 अक्टूबर, 88वें दिन 4 अक्टूबर, 89वें दिन 5 अक्टूबर व 90वें दिन 6 अक्टूबर को भी पानी नहीं छोड़ा गया। मुख्य गेज स्थल बदरहुआ नाले के पास खतरा निशान 71.68 मीटर है। शनिवार को यहां का जलस्तर 71.09 मीटर रिकार्ड किया गया था, जबकि रविवार को 71.04 मीटर पर पहुंच गया। इस प्रकार नदी खतरा निशान से 64 सेमी नीचे बह रही थी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार