आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी पीएम किसान योजना ऐप भेजकर 7.77 लाख के अंतर्राज्यीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह द्वारा अब तक लाखों की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन, 26,500 नकद बरामद हुए, जबकि आरोपियों के बैंक खातों में जमा 17.50 लाख की राशि फ्रीज़ कर दी गई है।
बीते 18 नवंबर को गंभीरपुर क्षेत्र के करन गुप्ता के व्हाट्सऐप नंबर पर एक फर्जी एपीके लिंक भेजा गया था। लिंक इंस्टॉल करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो गया और उनके बैंक खाते से 7.77 लाख की अवैध निकासी कर ली गई।
तकनीकी विश्लेषण, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल लोकेशन की मदद से पुलिस ने गिरोह के दोनों सक्रिय सदस्यों को धर-दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों में परवेज अंसारी निवासी देवरिया, वर्तमान उत्तरधौना, लखनऊ व मो.कलीम निवासी तिवारीगंज, लखनऊ शामिल हैं।
पूछताछ में दोनों ने कबूला कि सोशल मीडिया पर उनकी मुलाकात एक मो. समद नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उन्हें ठगी के धंधे से जोड़ा। समद संदिग्ध खातों, एटीएम कार्ड आदि को गिरिडीह (झारखंड) स्थित पते पर मंगवाता था और बदले में 10 प्रतिशत कमीशन देता था। धनराशि पहले इन खातों में आती थी, फिर आरोपी अपना हिस्सा निकालकर शेष रकम गिरोह को ट्रांसफर कर देते थे। मो. समद, साइबर गैंग का सक्रिय सदस्य है। पुलिस इसकी तलाश में दबिश दे रही है।
रिपोर्ट-सुबास लाल