आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बुधवार को महाशिवरात्रि पर जनपद के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, भांग, धतूर, अबीर, गन्ने के रस से भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। जगह-जगह भव्य भण्डारे का भी आयोजन किया गया जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हर हर महादेव के उद्घोष से क्षेत्र गुंजायमान हो गया। श्रद्धालु भोर से ही शिवालयों में पहुंचने लगे थे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी चौकन्ना नजर आया।
शहर के रैदोपुर, सिधारी, हरिबंशपुर, कालीचौरा, मातवरगंज, हर्रा की चुंगी आदि जगहों पर शिवालयों में भीड़ नजर आयी। शहर से सटे भवरनाथ मंदिर पर भोर से ही श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। यहां मेले जैसा दृश्य नजर आया। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्ट किया था। सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक पुलिस बल की व्यवस्था की गयी थी।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र के पातालपुरी महादेव मंदिर बड़ागांव बहादुरपुर में हर-हर महादेव से मंदिर परिसर गूंज उठा। शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया तथा दुग्धाभिषेक कर सुख शांति समृद्धि की कामना की। प्राचीन शिव मंदिर पातालपुरी महादेव मंदिर बड़ागांव बहादुरपुर, रटेश्वर महादेव मंदिर, घमरिया शिव मंदिर में लोगों की भीड़ उमड़ी दिखाई दी। महाशिवरात्रि को लेकर भक्तों ने एक दिन पूर्व से ही तैयारी आरंभ कर दी थी। मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ने के कारण लोगों को जल चढ़ाने में परेशानी का सामना भी करना पड़ा। भगवान शिव पर जलाभिषेक करने के लिए लोगों को कतार लगाकर मंदिर में प्रवेश कराया गया। महादेव मंदिर अमिलिया में ग्राम वासियों के सहयोग से एक भंडारे का आयोजन किया गया।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार बिलरियागंज थाना अंतर्गत चांदपुर सरैया बाजार शिव मंदिर पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई थी। भक्तगण भगवान शिव को जल, तिल, विल्वपत्र, भांग, धतूर, फूल, फल, बेर, अबीर, गुलाल के साथ भगवान शिव का पूजन अर्चन किये। मंदिर परिसर को सजाया गया था और हरि कीर्तन तथा भजन का कार्यक्रम भक्तों द्वारा किया गया था। जैगहां बाजार शिव मंदिर पर भी पूजा अर्चन के लिए भक्तों की भारी भीड़ लगी हुई थी। पटवध कौतुक प्राचीन शिव मंदिर पर भी सुबह से श्रद्धालुओं का रेला लगा हुआ था। मंदिर परिसर में नव दिवसीय यज्ञ का आयोजन भी किया गया है। श्रीनगर सियरहां राधा कृष्ण शिव मंदिर पर भी भजन भाव के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन किया गया। बिलरियागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे हमराहियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।
भदुली प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय क्षेत्र के राम जानकी मंदिर गेलवारा पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर परिवार व संसार के सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मिन्टू यादव छात्र नेता डीएवी पीजी कालेज, चंद्रेश यादव, रामजन्म यादव, विशाल यादव, पल्लू विश्वकर्मा, शिवम विश्वकर्मा, विवेक विश्वकर्मा, सुमित विश्वकर्मा, अवधेश यादव, राजू यादव, रामसिंह, कौशल चंद्र, विक्रम, इन्द्रेश, सुमित, अभिषेक यादव, दीपांशु आदि उपस्थित रहे।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार दुर्वासा धाम के तमसा, मंजूषा के संगम तट पर स्नान, ध्यान के साथ श्रद्धालुओ ने दुर्वेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक किया। कावरिया बंधुओ ने भगवान दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक कर कावर लिए अंपने गंतव्य स्थान को प्रस्थान किया। आसपास के गांवों में शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र के दुर्वासा धाम के दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव, श्री शकर जी तिराहा, राम जानकी मंदिर, नागा बाबा मन्दिर बाबा परमहंस जी मन्दिर आदि शिवालयों पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, फल फूल, चंदन आदि से पूजन अर्चन किया। दुर्वासा, मुंडेश्वर नाथ, सहित जगह जगह मेला लगा रहा। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय नगर के प्रसिद्ध कैलेश्वर धाम मंदिर में सुबह से शिव भक्तों की लंबी कतारे लगी रही। लोगों ने स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और बेलपत्र चढ़ाया। शिव मंदिरों पर सबसे अधिक भीड़ महिलाओं व लड़कियों की रही जहां माथे पर चंदन रोली का टीका लगाकर हाथ मे मोबाइल लिए लड़कियों ने खूब सेल्फी ली। शिव मंदिरों में बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से अभिषेक किया गया। मंदिर के पुजारी महंत दिलीप दास के अनुसार, महाशिवरात्रि पर किए गए पूजन से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन व्रत रखने से सौभाग्य की प्राप्ति होती है। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की गई थी।
रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के शिव मंदिरों के साथ ग्रामीणांचल अवंतिकापुरी आवंक धाम में श्रद्वालुओं ने जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। भंडारा प्रसाद वितरण के साथ ही कस्बे में शिव बारात की झांकी भी निकली। ग्रामीण मंदिरों पर मेला भी लगा जहां दुकाने सजी रही। निजामाबाद मोढ.पानी टंकी स्टेशन मोढ आदि शिव मंदिरों मंे प्रातः से ही श्रद्वालुओं का पूजन का क्रम शुरु हो गया। भीटी शिव मंदिर पर भंडारा में लोगो ने प्रसाद ग्रहण किया। युवाओं ने शिव बारात झांकी निकाली जो बाजार में भ्रमण की। अवंतिकापुरी आवंक धाम पर भी जलाभिषेक कर मंदिर में पूजन अर्चन किया।