लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बांवन गांव कूबा की अधिष्ठात्री देवी मां सिद्धेश्वरी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भक्तों ने पहुंचकर मां के आठवें स्वरूप महागौरी का दर्शन-पूजन किया और मत्था टेका। अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर विधि-विधान से जगत जननी मां दुर्गा की आराधना की। सुबह तड़के से ही भक्त मां शीतला दरबार और सिद्धेश्वरी मंदिर पहुंचने लगे थे। पूरे दिन मंदिर परिसर में मेले जैसा दृश्य बना रहा और मां के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
मां महागौरी के दर्शन से समस्त पापों का नाश होता है और साधकों को लौकिक व अलौकिक सिद्धियां प्राप्त होती हैं। मान्यता है कि भगवान शिव को पाने के लिए कठोर तप करने से देवी का वर्ण कृष्ण हो गया था, जिसे शिव ने गंगाजल से पुनः गौर वर्ण प्रदान किया, तभी से उनका नाम महागौरी पड़ा। घरों में भी श्रद्धालुओं ने सुबह से साफ-सफाई कर पूजन की तैयारियां कीं। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सिधौना स्थित मां सिद्धेश्वरी मंदिर में दिनभर हजारों श्रद्धालुओं का आवागमन लगा रहा। भक्तों ने पूजा-अर्चना के बाद फलाहार ग्रहण किया। बाजारों में भी चहल-पहल रही, हालांकि महंगाई की झलक भी देखने को मिली।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद