रमज़ान के संभावित आखिरी जुमा की नमाज में उमड़ी भीड़

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पवित्र माह रमजान के संभावित आखिरी शुक्रवार को क्षेत्र में अलविदा जुमा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। ब्लॉक मोहम्मदपुर और गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर, मुहम्मदपुर, बिंद्रा बाजार, मंगरावां, रायपुर, मखदुमपुर, छाऊं, कमरावां, कलंदरपुर, दयालपुर इसी तरह लालगंज के कटघर लालगंज, देवगांव बसही, सलहरा, बनारपुर, कटौली, बैरीडीह, दौना जेहतमंदपुर समेत आसपास के गांवों की मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। रोजेदारों ने अल्लाह की बारगाह में देश-दुनिया में अमन-शांति, भाईचारे, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी।
अलविदा जुमा के अवसर पर क्षेत्र की छोटी-बड़ी मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। नमाज से पहले इमामों और उलेमाओं ने रमजान की अहमियत बताते हुए इंसानियत, भाईचारा, सब्र और नेक रास्ते पर चलने की नसीहत दी। नमाज के दौरान रोजेदारों ने पूरे महीने रखे गए रोजों और की गई इबादत के लिए अल्लाह का शुक्र अदा किया और अपने गुनाहों की मगफिरत की दुआ मांगी। इस मौके पर कई लोगों ने गरीबों और जरूरतमंदों को जकात व सदका देकर उनकी मदद की।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे, प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन भी सतर्क रहा। प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
रमजान के महीने में आने वाला हर शुक्रवार (जुमा) अहम माना जाता है, लेकिन आखिरी जुमा यानी अलविदा जुमा को विशेष महत्व दिया जाता है, क्योंकि यह रमजान की रुखसती और ईद-उल-फितर के आगमन का संदेश लेकर आता है। हालांकि अगर अगले गुरुवार को चांद नहीं हुआ तो ईद से पहले एक और जुमा मिल सकता है, जो आखिरी जुमा होगा।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *