महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। होली के पावन पर्व के अवसर पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के गोरिया बाजार में मंगलवार की शाम होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गोपालपुर विधानसभा के निवर्तमान भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र राय द्वारा किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-गुलाल, फूलों की पंखुड़ियों और भोजपुरी गीतों की मधुर धुनों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
समारोह को रंगारंग बनाने के लिए भोजपुरी गायिका अर्चना राय, देवरिया से आए वरिष्ठ भोजपुरी कलाकार राकेश तिवारी तथा भोजपुरी स्टार गायिका शिल्पी राघवानी ने अपने गीतों और प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
आयोजक सत्येंद्र राय ने सभी कलाकारों और अतिथियों को माला पहनाकर अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
सत्येंद्र राय ने कहा कि होली का त्योहार प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और आपसी संबंध मजबूत होते हैं। जनता का यह स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए थानाध्यक्ष बिलरियागंज सुनील कुमार दुबे पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा