मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बरदह गांव में नाले के प्राकृतिक प्रवाह में अवरोध से किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान की कथित मिलीभगत से नाले पर अवैध कब्जा कर लिया है। इस कारण गंदा पानी खेतों में जा रहा है जिससे फसल बर्बाद हो रही है।
किसान विवेक तिवारी आदि ने ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारियों से कई बार शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान की सह पर दबंग लोग नाले पर कब्जा कर निर्माण कर रहे हैं। गंदे पानी से धान और सब्जियों की फसलें नष्ट हो रही हैं। जमीन की उर्वरता भी प्रभावित हो सकती है। पंचायत में शिकायत के बाद भी स्थानीय प्रभावशाली लोग मामले को दबा रहे हैं।
विवेक तिवारी, अवनीश तिवारी, सुशील तिवारी, शिव तिवारी आदि ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है। उनकी मांग है कि नाले का सीमांकन करते हुए अतिक्रमण हटाया जाए। किसानों ने समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी