पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शहर में मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक कुमार त्रिपाठी तथा क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस आज़मगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत एफ.एम. चैनल “हाफ लेमन रेडियो 90.4” की पूरी टीम के सहयोग से सांता क्लॉज का रूप धारण कर यातायात पुलिस द्वारा जनपद के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर वाहनों की चेकिंग की गई। अभियान के दौरान चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट तथा दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों को सांता क्लॉज द्वारा पुष्प एवं चॉकलेट देकर सम्मानित किया गया। इस अभिनव पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा। साथ ही नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया एवं अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल, उपनिरीक्षक यातायात गंगा प्रसाद सहित यातायात पुलिस का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। यातायात पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे सदैव यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
रिपोर्ट-बबलू राय