निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कैंप कार्यालय पर शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की शहादत पर पुष्पांजलि करते हुए उन्हें याद किया गया। कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के प्रिय नारे इंकलाब जिंदाबाद और साम्राज्यवाद मुर्दाबाद भी लगाए।
भाकपा जिला सचिव कॉमरेड जितेंद्र हरि पाण्डेय ने कहा कि भगत सिंह भारत की सामाजिक, आर्थिक व्यवस्था में बदलाव चाहते थे और तानाशाही को जड़ से समाप्त करना चाहते थे। इसी संदर्भ में वे इंकलाब जिंदाबाद और साम्राज्यवाद मुर्दाबाद का नारा लगाते थे। भगत सिंह की फांसी को लगभग सौ साल पूरे होने को है। आज देश और दुनियां में साम्राज्यवादी ताकतें अपने वर्चस्व और मुनाफे की लूट के लिए आमादा होकर कमजोर देशों पर हमला कर रही हैं। समाज में सामाजिक और आर्थिक विषमता की खाई इतनी बढ़ गई है कि गरीब और गरीब तथा अमीर और अमीर होता जा रहा है। वर्तमान में दुनिया में जो युद्ध हो रहे हैं वह साम्राज्यवाद का ताजातरीन उदाहरण है। इस युद्ध में आम आदमी पीसा जा रहा है। ऐसे में भगत सिंह के विचारों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। इसके लिए जाति, धर्म से परे वर्ग आधारित समाज व्यवस्था के लिए देशभक्त, कमजोर और मेहनतकश जनता को एकजुट किए जाने की जरूरत है।
इस अवसर पर हाईकोर्ट अधिवक्ता शबाना जलालुद्दीन आज़मी, लालचंद यादव, सौरभ तिवारी, अशोक कुमार यादव, अब्दुल्लाह, अजय कुमार तिवारी, अनिरूद्ध, मदन सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र