माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर के वार्ड नंबर तीन चक्खीरु मोहल्ले में सोमवार की शाम बेसहारा गाय कुएं में गिर गई। नागरिकों के अथक प्रयास से मंदिर के पुजारी की मदद से दो घंटे बाद उसे निकाला गया।
नगर पंचायत माहुल के विभिन्न वार्डाे में बेसहारा गोवंश का विचरण करना आम बात है। खेतों में फसलों को चरने के बाद एक बेसहारा गाय चक्खीरू मोहल्ले में पहुंच गई। रास्ते का पता न होने के कारण वह गांव के मध्य स्थित एक कुएं में गिर गई। जिससे मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। लोगो ने इसकी सूचना अधिशासी अधिकारी माहुल दिनेश चंद आर्य को दिया। एक घंटे बाद ईओ ने दो सफाई कर्मी को वहां भेजा पर वे नाकाम हो गए। जब सरकारी इंतजामात फेल हो गए तो नागरिकों ने प्रयास करना शुरू किया। उसके बाद मोहल्ले के मंदिर के पुजारी बिशेस्वर शर्मा सीढ़ी के माध्यम से 30 फीट गहरे कुएं में उतरे और रस्सी से गाय को बांध कर जेसीबी मशीन के माध्यम से निकला। कुएं में गिरने से गाय घायल हो गई थी जिसका उपचार भाजपा नेता सुजीत जायसवाल आंसू ने अपने खर्चे से कराया।
रिपोर्ट-श्यामसिंह