एसआईआर में सभासद ने झोंकी ताकत, घर के पास लगवाया काउंटर

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगरीय क्षेत्र में सभासद हों या फिर ग्रामीण क्षेत्रों में गांव के प्रधान अपने क्षेत्र के अधिकतर लोगों को जानते हैं। एसआईआर फार्म खोजने, वितरण और उसे भरने में अगर ऐसे लोग सहयोग के लिए आगे आ जाएं तो काफी प्रगति हो सकती है। फिलहाल पहले ही दिन से इस काम में गुरुटोला वार्ड के सभासद और जिला योजना के सदस्य मुहम्मद अफजल अपने साथियों के साथ सक्रिय दिख रहे हैं। मतदाताओं के सहयोग के लिए हर दिन बूथ पर पसीना बहाने के साथ शुक्रवार को अपने घर के पास काउंटर लगवा दिया। साथियों के साथ लोगों का एसआईआर फार्म खोजकर देने से लेकर उसे भरकर जमा करने में बीएलओ की मदद की।
सभासद ने बताया कि वार्ड में कुल चार बीएलओ हैं, जिसमें बारी-बारी से दो को क्षेत्र में फार्म बांटने, भरकर संकलित करने के लिए लगाया गया। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने में आने वाली समस्या को दूर करने के लिए बीएलए के अलावा अपने कई साथियों को लगा दिया गया। यही नहीं खुद के मोहल्ले के अलावा दूसरे बूथों और क्षेत्रों में भी वोटरों और बीएलओ के सहयोग के लिए लोगों को लगाया गया है।
गुरुटोला में लगे काउंटर पर जांच के लिए पहुंचे एईआरओ नगरीय खंड शिक्षा अधिकारी नवनीत चौबे ने सभासद के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह से सभी सभासद प्रयास करें, तो काम बहुत आसान हो जाएगा। बताया कि सुबह साढ़े सात बजे से सभी बूथों पर पहुंचकर एसआईआर की प्रगति बढ़ाने के लिए कहा जा रहा है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *