पातालपुरी महादेव मंदिर से तांबे का घड़ा व नाग चोरी

शेयर करे

मेहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गौरा गांव स्थित ऐतिहासिक और आस्था का केंद्र महामंडलेश्वर पातालपुरी महादेव मंदिर में मंगलवार की रात चोरों ने धावा बोलते हुए मंदिर से तांबे का घड़ा, तांबे का नाग तथा अन्य पूजन सामग्री चोरी कर ली। चोर शिवलिंग में लिपटे तांबे के नाग को भी काटकर ले गए।
सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही स्थानीय पुजारी हरिकेश गिरी को भी अवगत कराया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और घटना के संबंध में कंटात चक कंटात गांव के मंदिर के पुजारी हरिकेश गिरी से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें भी फैल रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
बताते चलें पुराणों में वर्णित छः सौ ईसा पूर्व एक ही रात में 365 बीघा में बने पोखरें की खुदाई के दौरान मिले शिवलिंग को उत्तरी भीटे पर रखने के दौरान वहीं स्थापित हो गए, और कालांतर में पातालपुरी महादेव के नाम से आस्था का केंद्र बने। यहां श्रावण मास में भक्त जलाभिषेक करने के साथ ही मेले जैसी स्थिति बनी रहती है। साथ ही कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले पर भक्तों का सैलाब शिव सरोवर में स्नान कर शिवलिंग पर जल अर्पित कर मनौती पूरी होने की कामना करते हैं।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *