50 वर्ष बाद भी अभिलेखों में नहीं दर्ज हो सकी सहकारी समिति गोदाम की भूमि

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सुदनीपुर में लगभग 50 वर्ष पहले साधन सहकारी समिति का गोदाम बनाया गया था, लेकिन इतने लंबे समय के बाद भी उक्त भूमि का नाम सरकारी अभिलेखों में दर्ज नहीं हो पाया है। इससे गोदाम के मरम्मत व नए भवन निर्माण की योजना अधर में लटक गई है।
बताया जाता है कि न्याय पंचायत सदरपुर बरौली की साधन सहकारी समिति का कार्यालय और गोदाम ग्राम सभा सुदनीपुर की भूमि गाटा संख्या 481 पर बनाया गया था। वर्तमान में गोदाम भवन जर्जर हो चुका है। सहकारिता विभाग को शासन की ओर से भवन की मरम्मत व आवश्यकतानुसार नए निर्माण के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सुदनीपुर स्थित सहकारी गोदाम के स्थान पर नए भवन के निर्माण की योजना बनाई गई थी, लेकिन राजस्व अभिलेखों में भूमि पर गोदाम का नाम दर्ज न होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गाटा संख्या 481 ग्राम सभा की भूमि है और ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर ही सहकारी समिति के गोदाम का निर्माण कराया गया था। इसी गाटा की शेष भूमि पर प्राथमिक विद्यालय के लिए भी ग्राम सभा द्वारा प्रस्ताव पारित कर भवन का निर्माण कराया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उदासीनता के कारण आज तक सरकारी भवनों की भूमि को अभिलेखों में दर्ज नहीं किया गया है। समय-समय पर लेखपाल द्वारा फसली पड़ताल और आबादी भूमि का चिन्हांकन किया जाता है, लेकिन सरकारी भवनों के स्थानों को अभिलेखों में दर्ज करने की कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत मांगी गई सूचनाओं में भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इनसेट—
इस संबंध में संबंधित विभाग से पत्र लिया जाएगा। इसके बाद पुनर्ग्रहण कराकर अभिलेखों में दर्ज करा दिया जाएगा। राजाराम, नायब तहसीलदार फूलपुर।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *