आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आसमान छू रहे टमाटरों के दाम व बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस आजमगढ़ की महिला जिलाध्यक्ष शीला भारती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला इकाई ने जोरदार प्रदर्शन किया। रैली निकाल कर डीएम कार्यालय के सामने स्थित अम्बेडकर पार्क में सरकार विरोधी नारों के साथ अपनी नाराजगी जताई।
जिलाध्यक्ष शीला भारती ने कहा कि पूंजीपतियों की गोद में बैठी मोदी सरकार की नीतियों से आज आम जनमानस कराह रहा है। गैस सिलेंडर के दाम पहले ही आसमान छू रहे थे अब टमाटर, मिर्च आदि जरूरी सब्जियों के दाम बढते चले जा रहे है। जिसके कारण मध्यम निचले तबके के परिवारों की थाली से यह सब्जियां गायब हो चुकी हैं। घर की महिलाएं गृहस्थी नहीं चला पा रही हैं। बेरोजगारी और महंगाई से आमजन अब उबल रहा है। जनता की परेशानियों पर केंद्र व प्रदेश सरकार मौन रखी हुई है। पीएम विदेशों में केवल अपने कपड़े बदल रहे हैं। यहां आम जनता कराह रही है। उन्होंने कहा कि 2024 में ऐसे जनविरोधी सरकार को जनता उखाड़ फेंककर देश में कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनवाने का काम करेगी। इस अवसर पर फूलबदन चौरसिया, जितेन्द्र कुमार, शम्भु शास्त्री, विद्या भारती, प्रेमा चौहान, कंचन भारती, मंजू यादव, सरिता देवी, कावेरी दुबे, पुनीता पांडेय करिश्मा देवी आदि मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव /ज्ञानेन्द्र कुमार