बोले अजय राय- घायलों की हर सम्भव सहायता की जाएगी
वाराणसी (सृष्टि मीडिया)। देव दीपावली की रात फुटओवर ब्रिज की जर्जर रेलिंग टूटने की वजह से कई लोग घायल हो गए। मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय सभी घायलों का हालचाल लेने कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्हें घायलों के इलाज में हर सम्भव मदद का भरोसा भी दिलाया। घायलों से मिलने के बाद पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि वाराणसी में देव दीपावली पर्व पर राजघाट पुल पर अव्यवस्था की वजह से रेलिंग टूटी है। इसमें कई लोग घायल हो गए है। इस दुखद समय में पार्टी घायलों के साथ खड़ी है। हम ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
चार साल की बच्ची को भेज गया था बीएचयू अस्पताल
अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देव-दीपावली के मद्देनजर मुख्य रास्तों को बंद कर दिया गया था। इसकी वजह से शाम राजघाट पुल पर अचानक भारी भीड़ जुट गई। यहां काशी स्टेशन को राजघाट से जोड़ने वाले फुटओवर ब्रिज की एक साइड की रेलिंग टूट गई। दर्जनों लोग 6 फीट नीचे गिर पड़े। नीचे पत्थर थे, इस वजह से लोगों को काफी चोटें आ गई। घायलों में चौबेपुर की उमरहा निवासी माधुरी (40) का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। उनकी चार साल की नतिनी सुहानी के सिर में चोट आने से बीएचयू में एडमिट किया गया। वहीं, आदमपुर के कोनिया निवासी जितेंद्र (30) का पैर टूट गया। कायस्थ टोला प्रहलाद घाट निवासी सौम्या को हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। जिला प्रशासन इन लोगों के इलाज का जिम्मा संभाल रहा है। मंडलीय अस्पताल में अजय राय के साथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, सफक रिजवी, विपिन पाल, मनोज वर्मा मनु, किशन यादव समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अस्पताल आए।
रिपोर्ट : अमन विश्वकर्मा