लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रसूलपुर माफ़ी गांव मंे शनिवार को कांग्रेस पार्टी के मुहम्मदपुर ब्लॉक अध्यक्ष देवराज यादव के नेतृत्व में मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की।
पूर्व ब्लाक अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार जब से सत्ता में आई है केवल नाम बदलने का कार्य कर रही है। भाजपा सरकार गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान और मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।
राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्रामीण बेरोजगारों को 100 दिन का रोजगार मिलता था, लेकिन भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर कर ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला कर रही है।
ब्लॉक अध्यक्ष देवराज यादव ने कहा कि मनरेगा कांग्रेस सरकार की ओर से देश के मजदूरों, गरीबों के कल्याण के लिए बनाई गई विश्व की सबसे बड़ी जन कल्याणकारी योजना रही है। भाजपा सरकार नाम बदलने के बहाने इसे समाप्त कर रही है।
इस मौके पर प्रभाकर गौड़, ओम प्रकाश सरोज, शिवबचन, महाजन, रामाश्रय आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद