युवा पत्रकार पंकज तिवारी के असामयिक निधन से शोक

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अराजी अमानी गांव निवासी युवा पत्रकार पंकज तिवारी के असामयिक निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक व राजनीतिक लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
पंकज तिवारी पिछले लगभग 15 दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें डेंगू की शिकायत हुई थी, जिसके चलते आजमगढ़ में उनका उपचार कराया गया। इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार भी हुआ था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। परिजन गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ ले गये, जहां उपचार के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस द्वारा चंडीगढ़ से उनके पैतृक गांव अराजी अमानी लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
पंकज तिवारी अपने मृदुभाषी स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और संघर्षशील पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कम समय में ही अपनी मेहनत और लगन से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई थी। उनके अचानक चले जाने से न केवल पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक होनहार युवा को खो दिया है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *