सृष्टिमीडिया माहुल (आजमगढ़) स्थानीय नगर के अहरौला रोड स्थित लक्ष्य कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि भाजपा लालगंज के जिलाध्यक्ष ऋषिकांत राय एवम उपजिलाधिकारी फूलपुर ज्ञानचंद गुप्ता संयुक्त रूप से रहे। इस अवसर पर इन दोनो के द्वारा इंस्टीट्यूट के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड और मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए भाजपा लालगंज के जिलाध्यक्ष ऋषिकांत राय ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा ही आत्म निर्भर भारत की रीढ़ है। इसकी दक्षता से ही आज का भारत डिजिटल इंडिया की सार्थकता को सिद्ध करेगा। उन्होंने आगे कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा और आगामी 15 अगस्त को आजादी की 75वीं वर्षगाठ पर देश के हर घर पर भारत की आन बान शान तिरंगा फहरेगा जिसे पूरा विश्व देखेगा। उपजिलाधिकारी फूलपुर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा एक ऐसी विधा है जो आधुनिक भारत की परिकल्पना को सिद्ध करता है। इसका ज्ञान होने से कोई भी व्यक्ति भले ही नौकरी न मिले फिर भी इसके बल पर आत्म निर्भर बन सकता है। उन्होंने लक्ष्य कंप्यूटर इंस्टीट्यूट के संस्थापक की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उनके द्वारा जो अपने खर्चे पर लोगो को निशुल्क शिक्षा दी जा रही वह सराहनीय है । उपजिलाधिकारी ने आगे कहा कि इस बार 15अगस्त के दिन बाजार और स्कूल आदि खुले रहेंगे। यही नहीं शासन के निर्देश के क्रम में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा गावों में हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु हर कोटेदार को इसके लिए निर्देशित भी किया गया है। इस अवसर पर सौरभ श्रीवास्तव, श्याम सिंह, बृजेश मौर्य, संदीप अग्रहरि, अभिषेक गुप्ता, हरिकेश गुप्ता, विष्णुकांत पाण्डेय, सुजीत जायसवाल, संगीता पाल, रजनी, आयुषी सिंह, साधना पाल, अश्वनी सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-श्याम सिंह