आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मंडलायुक्त विवेक एवं डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार को तहसील निजामाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित लोगों की समस्याओं को सुना तथा प्राप्त कुल 72 शिकायतों में 8 का मौके पर ही निस्तारण कराया। तहसील दिवस के अवसर पर प्राप्त कुल प्रार्थना-पत्रों में 63 राजस्व विभाग, 3 विकास विभाग, 2 पुलिस विभाग, 2 विद्युत विभाग तथा शेष 2 प्रार्थना पत्र अन्य विभागों से सम्बन्धित थे। निस्तारित सभी 8 प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग से सम्बन्धित थे।
मण्डलायुक्त के समक्ष कतिपय शिकायतकर्ताओं द्वारा इस आशय का प्रार्थना पत्र दिया गया कि अविवादित वरासत होने के बावजूद वरासत दर्ज नहीं हुई है। मंडलायुक्त विवेक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बन्धित लेखपालों को कड़ी फटकार लगाई तथा एसडीएम निजामाबाद को निर्देश दिया कि जितने भी अविवादित वरासत के मामले लम्बित हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाय।
डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने पुलिस के मामलों की सुनवाई करते हुए उपस्थित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण हेतु संयुक्त टीम के लिए आवश्यक पुलिस बल समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव के दृष्टिगत कुछ गलत शिकायतें भी प्राप्त हो सकती हैं, इसलिए गलत शिकायतकर्ताओं की पहचान की जाय।
रिपोर्ट-सुबास लाल