पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनआर वर्मा, डा. वाई प्रसाद जिला क्षय रोग अधिकारी, डा. बीपी सिंह उप जिला क्षय रोग अधिकारी, डा. बीके पटेल ने संयुक्त रूप से सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सीएमओ ने टीबी रोग के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हमें कोरोना की तर्ज पर प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर टीबी रोग के बारे में दी जा रही निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से वर्ष 2027 तक टीबी जैसी खतरनाक बीमारी को खत्म करने का संकल्प लिया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा टीबी हारेगा-देश जीतेगा का नारा दिया गया है। इसी संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा गंभीरता व योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि टीबी रोग को जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक संकल्प के साथ धरातल स्तर पर काम करना होगा। इसके साथ-साथ ईंट भट्टे पर काम कर रहे मजदूर कॉलोनियों व ग्रामीण क्षेत्रों में फोकस किया जाए ताकि कोई भी टीबी रोग मरीज उपचार से वंचित न रह पाए। प्रदेश में टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए सभी को एकजुट होकर साथ आना होगा। सभी का सहयोग मिलेगा, तभी हमारा यह नारा ‘टीबी हारेगा देश जीतेगा सफल होगा।
उप जिला क्षय रोग अधिकारी बीपी सिंह ने ग्रामीण चिकित्सको को संबोधित करते हुए कहा कि हम सबको मिलकर टीबी के खिलाफ एक जन आंदोलन के रूप में कार्य करना होगा तभी 2027 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी रोग मुक्त भारत के सपने को साकार किया जा सकता है। डा. वाई प्रसाद जिला क्षय रोग अधिकारी ने कहा कि प्रदेश से टीबी उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा ताकि प्रदेश को वर्ष 2027 तक टीबी मुक्त बनाया जा सके।
रिपोर्ट-बबलू राय