आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में देरी पर सीएमओ सख्त

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली आशा एवं आशा संगिनियों के मानदेय भुगतान में हो रही देरी को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एनआर वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर भुगतान की स्थिति से संबंधित प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रगति की स्पष्ट समीक्षा की जा सके।
सीएमओ ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है कि आशा कार्यकर्ताओं को उनका मानदेय समय पर प्राप्त हो, इसलिए भुगतान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 तक के सभी लंबित भुगतानों का सत्यापन कर प्राथमिकता के आधार पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों और प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे लंबित बिल, वाउचर एवं अन्य आवश्यक अभिलेख तत्काल संबंधित स्तर पर भेजकर भुगतान प्रक्रिया पूर्ण कराएं तथा तय समयसीमा में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें।
सीएमओ डा.एनआर वर्मा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी कड़ी हैं और उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए समय पर भुगतान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *